भोपाल। बुधवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल के अतिरिक्त प्रभार के तौर पर शपथ ग्रहण की। मध्य प्रदेश के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने सादे समारोह में आनंदीबेन को राज्यपाल की शपथ दिलवाई।
बता दे कि मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन इस समय बीमार हैं और लखनऊ में एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति के दौरान आनंदीबेन को मध्यप्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को मध्यप्रदेश में शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। लंबे समय तक चले मंथन के बाद आख़िरकार मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नामों पर सहमति बन गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी मंत्रिमंडल के नामों को हरी झंडी दे दी है। गुरुवार को आनंदीबेन पटेल नए मंत्रियों को शपथ दिलवाएगी।
