उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिला चिकित्सालय में आज एक पुलिसकर्मी ने डॉक्टर और उसके सहयोगी के साथ नाराज होकर मारपीट कर दी। बचाव करने आए लोगों पर भी पुलिसकर्मी ने हमला करने की कोशिश की। मारपीट की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
उज्जैन के पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक राजू आज जिला चिकित्सालय में अपना उपचार कराने पहुंचा था। यहां उसे डॉ अमित पाटीदार ने फ्लू क्लीनिक जाने की बात कही। लेकिन कुछ देर बाद आरक्षक लौट कर आया और डॉक्टर पर नाराज होते हुए अपशब्दों का उपयोग करने लगा। डॉ अमित ने उसे अपशब्दों का उपयोग करने से मना किया तो उसने नाराज होकर डॉ पाटीदार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट होते देख आसपास के सहयोगी जब डॉक्टर को बचाने आए तो आरक्षक ने उन पर भी हमला बोल दिया।मारपीट में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। पूरा घटनाक्रम जिला अस्पताल के सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों ही विभागों के प्रमुख अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की हालांकि दोनों ही पक्षों की तरफ से मामले में लिखित शिकायत की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
