देवास। कोरोना वायरस से लड़ने के लिए बड़ी संख्या में शासकीय और गेर शासकीय लोग सडकों पर निकलकर काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को कोरोना से बचाने के लिए बागली जनपद द्वारा गुणवत्ता युक्त कपड़े से बने वॉशेबल मास्क निशुल्क रूप से उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही लोगों को आपस में मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
दरअसल वर्तमान में पूरा देश कोरोना से जूझ रहा है। देवास जिले के बागली जनपद क्षेत्र में भी जनपद से जुड़े सेक्टर अधिकारी, उपयंत्री, सचिव, रोजगार सहायक सहित अन्य शासकीय और गेर शासकीय लोग कोरोना से निपटने में लगे हुए हैं। इन सब की सुरक्षा के लिए बागली जनपद द्वारा गुणवत्ता युक्त कपड़े से बने वॉशेबल मास्क निशुल्क रूप से उपलब्ध कराए गए हैं।
इन लोगों में गांव के प्रभारी सभी सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता आदि को यह गुणवत्ता वाले मास्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कपड़े से बने यह मास्क धोकर पुनः उपयोग में लिए जा सकते हैं। उसी प्रकार गांव की सीमाओं पर चौकसी कर रहे ग्राम स्तरीय समिति के सदस्यों को भी नि:शुल्क रूप से मास्क वितरण किए जा रहे हैं।
बागली जनपद सीईओ अमित व्यास स्वयं भ्रमण कर करके इसका उपयोग एवं इसकी सार्थकता बता रहे हैं। कई ग्रामीणों को तो स्वयं मास्क बांध रहे हैं और उन्हें सिखा रहे हैं कि इस का उपयोग कैसे किया जाए। जागरूकता अभियान के तहत लोगों को आपस में मदद करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। ग्रामीणों से अमित व्यास ने स्पष्ट तौर पर कहा कि आप अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें, सिर्फ अपने गांव की सुरक्षा करें और अपने परिवार की लॉक डाउन का पालन पूरा पूरा करें।
