शिवपुरी। शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब भाजपा उपचुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी के तहत गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा शिवपुरी जिले के पोहरी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पोहरी व बैराड़ में ब्राह्मण नेताओं के साथ बैठकें कीं। नरोत्तम मिश्रा के दौरे को ब्राह्मण की नाराजगी दूर करने से जोड़ा जा रहा है।
दरअसल किरार (धाकड़) जाति बाहुल्य पोहरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा की ओर से सुरेश धाकड़ (राठखेड़ा) उम्मीदवार होंगे। सुरेश धाकड़ को शिवराज मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाया गया है। हालांकि सुरेश धाकड़ को मंत्री बनाकर भाजपा ने किरार वोटों को अपनी ओर मोड़ने का प्रयास जरूर किया है लेकिन अब पार्टी को दूसरी जाति जैसे ब्राह्मण व अन्य जाति के वोट खिसकने का डर सताने लगा हैं। ऐसे में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को आनन-फानन में यहां पर ब्राह्मणों से संपर्क बढ़ाने के लिए भेजा गया।
बता दे कि पोहरी विधानसभा सीट का मिजाज देखा जाए तो यहां पर धाकड़ और ब्राह्मण जाति के ही प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस से उम्मीदवार बनते रहे हैं। वर्ष 2018 में जरूर कांग्रेस ने यहां पर एक प्रयोग कर धाकड़ जाति के सुरेश धाकड़ को मैदान में उतारा। वहीं भाजपा से इसी जाति के दो बार से विधायक प्रहलाद भारती मैदान में थे। दो धाकड़ जाति के प्रत्याशी मैदान में होने के बाद कांग्रेस को इसका फायदा हुआ और बसपा के कैलाश कुशवाह ने यहां पर भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगा दी, जिसका फायदा कांग्रेस को हुआ। इस सीट पर धाकड़ वोटरों की संख्या 40 हजार के आसपास है वहीं ब्राह्मण वोटर भी 20 हजार के आसपास। ऐसे में ब्राह्मण वोटरों ने भाजपा से दूरी बना ली और दूसरी जातियां जैसे यादव, पाल, कुशवाह, रावत, जाटव वोटरों ने कांग्रेस का साध दे दिया तो भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।
धाकड़ जाति के सुरेश राठखेड़ा को राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस ने यहां पर अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस धाकड़ के विरोध में रहने वाली ब्राह्मण वोटर व अन्य जातियों को अपनी ओर मोड़ने की कोशिश में रहेगी जिससे चुनाव में इसका फायदा उठा सके। वैसे कांग्रेस यहां पर किसी ब्राह्मण प्रत्याशी को मैदान में उतार सकती है। क्योंकि अब धाकड़ जाति के वोटर एकजुटता दिखाएंगे तो ऐसे में दूसरी जाति की नाराजगी को फायदा कांग्रेस को मिल सकता है।
