झाबुआ। पर्यावरण को सुरक्षित रखने और लोकल के लिए वोकल बनकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए झाबुआ भाजपा महिला मोर्चा ने जिले में मिट्टी से बने गणेश जी बनाने का प्रशिक्षण अभियान चलाया है। संगठन की सदस्य जिले की महिलाओं को इको फ्रेंडली गणेश जी की मूर्तियां बनाने का प्रशिक्षण दे रही है। महिलाएं भी उमंग और उत्साह के साथ इस अभियान से जुड़ती नजर आ रही है।
हम प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे और अपने त्योहारों को पारम्परिक तरीकों से मनाएं। इससे हमारी श्रद्धा व आस्था का भी मान रह जाएगा और हमारी प्रकृति भी संरक्षित होगी। ऐसी ही पहल भाजपा महिला मोर्चा ने जिले में शुरू की है। संगठन की सदस्यों ने मेघनगर, झाबुआ एवं खवासा ग्राम में मिट्टी के गणेश बनाने और घर-घर इको फ्रेंडली गणेश जी की स्थापना करने का संकल्प लिया है। इसके लिए संगठन की सदस्य महिलाओं को मिट्टी और गोबर से वैदिक गणेश बनाने का प्रशिक्षण दे रही है। मिट्टी से गणेश जी बनाने में गंगाजल, तुलसी, पीपल, नीम के बीज और गोबर का भी उपयोग किया गया है, जिससे मूर्ति की पवित्रता बनी रहे।
गणेश मिट्टी प्रशिक्षण अभियान से जुड़ रही कई महिलाओं को देखकर पूर्व कलेक्टर एवं झाबुआ रतलाम सांसद गुमान सिंह डामोर की धर्मपत्नी सूरज डामोर कहती है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा लोकल में वोकल व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का वादा जल्दी पूरा होगा। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा मिट्टी के गणेश प्रशिक्षण अभियान के साथ आगामी दिनों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई ऐसे आयोजन और योजनाओं से जिले भर की महिलाओं को जोड़ा जाएगा। इससे महिला सशक्त और आर्थिक रूप से सुदृढ बन सकेगी, जिसकी एक छोटी सी शुरुआत भाजपा महिला मोर्चा ने की है।
अब जिले भर में पर्यावरण सहेजने एवं आत्मनिर्भर बनने का सपना लिए सैकड़ों महिलाएं भाजपा महिला मोर्चा के अभियानों से प्रेरित होकर अपनी सहभागिता दे रही है। इको फ्रेंडली गणेश प्रशिक्षण अभियान की तारीफ भी हर कोई कर रहा है। अब कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग व शासन की गाइडलाइन नियमों का पालन करते हुए चुनौतियों में आर्थिक आधार का रास्ता जिले की महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर खुलेगी।
