शिवपुरी। शनिवार को घर से बाहर खुले में शौच करने के लिए गए भाई-बहन की नहर डूबने से मौत हो गई। बच्चों के पानी में डूबने के बाद उन्हें पानी से निकाला गया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना शिवपुरी जिले के भौती थाना क्षेत्र के ग्राम नावली की है। सुबह चार वर्षीय भाई सुरेंद्र और पांच वर्षीय बहन अनिच्छा खाना खाने के बाद शौच करने के लिए गए थे। इस दौरान सुरेंद्र पास में बहने वाली नहर के पानी में पैर फिसलने से गिर गया। भाई को पानी में बहता देख बहन उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इससे वह भी गहरे पानी में समा गई।
पानी में डूबने के बाद पास में ही खेत में काम कर रहे व्यक्ति ने इसकी सूचना बच्चों के परिजनों को दी। इसके बाद दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों के परिजन अशोक ने बताया कि सुबह दोनों बालक-बालिकाएं नहर के पास शौच करने के लिए गए थे। तभी यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
