सीहोर। आम रास्ता रोकने का विरोध करने व इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पर दबंगों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
मामला सीहोर जिले के ग्राम मिहबरा का है। यहाँ दबंगों ने जनवेद जाटव और गोविंद बघेल की गोली मारकर हत्या कर दी। यह दोनों मित्र थे और दो खेतों के बीच से जाने वाला आम रास्ता बंद करने पर दबंगों का विरोध कर रहे थे। गोविंद और जनवेद ने इसकी शिकायत पुलिस और तहसीलदार से की थी। इसे लेकर गोविंद और हत्यारों के बीच झगड़ा भी हुआ था।
गोविंद के भाई नन्हे बघेल ने बताया कि रात 7 बजे जब घर के बाहर गोविंद और जनवेद अलाव में आग जलाकर ताप रहे थे, तभी अरविंद चौहान, दीपू चौहान व राजा परमार तीन अन्य साथियों के साथ बंदूकें लेकर आए और गोविंद व जनवेद पर गोली चला दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि आम रास्ता पर दबंग बागड़ लगा रहे थे। गोविंद ने इसकी शिकायत की थी। इससे गुस्साए दबंगों ने इन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले 6 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। पोस्ट मार्टम के बाद लाशें भी परिजनों को सौंप दी हैं। इसमें दलितों और दबंगों में जातिवाद को लेकर कोई मसला नहीं है।
