सागर। सागर में एक सूने घर में रिटायर्ड फौजी, उसकी पत्नी और बेटे के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने जब घर खोला तो अंदर तीनों के शव मिले। शव करीब 2 से 3 दिन पुराने बताए जा रहे है। पुलिस को मौके से एक पत्र भी बरामद किया है। मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसको लेकर जाँच की जा रही है। मृतक फौजी का एक बड़ा बेटा भी है जो लापता है।
दरअसल सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र के आनंद नगर में सूने पड़े घर से लगातार दुर्गध आ रही थी। घर काफी दिनों से बंद पड़ा हुआ था। किसी अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब घर खोला तो अंदर रिटायर्ड फौजी, उसकी पत्नी और बेटे का शव मिला।
मकरोनिया क्षेत्र की सीएसपी अमृता दिवाकर ने बताया कि आनंद नगर स्थित घर में रिटायर्ड फौजी रामगोपाल पटेल जो वर्तमान में छावनी बोर्ड में गार्ड के पदस्थ पर पदस्थ थे, उनकी पत्नी आशा पटेल और करीब 14 वर्षीय पुत्र आकाश पटेल के शव बरामद हुए है। प्रथम दृष्टया शव दो से तीन दिन पुराने लग रहे है।
पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि परिवार में एक और बड़ा पुत्र विकास भी था जो तीन-चार दिन से पड़ोसियों को भी नजर नहीं आया है। पुलिस को मौके से एक पत्र भी मिला है। पत्र में लिखा है कि इसके लिए मैं जिम्मेदार हूँ। पुलिस विकास की तलाश कर रही है। कुछ और भी संदिग्ध इसमें शामिल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का खुलासा होगा। तीनो शवों पर चोट के निशान ऊपरी तौर पर नजर नहीं आ रहे थे। पुलिस भी फिलहाल जहरीले पदार्थ को मौत का कारण मान रही है। मामले में थाना प्रभारी उपमा सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही स्थिति सामने आ पायेगी।
