भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना संक्रमित होने के बाद चिरायु अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। मुख्यमंत्री को एंबुलेंस के जरिए चिरायु अस्पताल लाया गया। प्रशासन ने चिरायु अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही मीडिया को भी अस्पताल से दूर कर दिया है। बता दे कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट कर कोरोना संक्रमित होने और चिरायु अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझे COVID19 के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाएँ।‘
अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि, ‘मुझे डॉक्टर्स ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, मैं COVID19 डेडिकेटेड चिरायु अस्पताल में भर्ती होने जा रहा हूँ। कोरोना के मरीज को ज़िद नहीं करना चाहिए कि हम होम क्वारन्टीन ही रहेंगे या अस्पताल नहीं जायेंगे। हमें डॉक्टर्स के निर्देश का पालन करना चाहिए।‘ वहीं अस्पताल पहुँचने के बाद शिवराज ने लिखा है कि, ‘COVID19 की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद मैं डॉक्टर की सलाह पर चिरायु अस्पताल में एडमिट हो गया हूं। वहां सभी प्रकार के टेस्ट किये गये हैं। मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं।‘
