भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कोरोना संक्रमित होने के कारण सोमवार को शिवराज कैबिनेट की वर्चुअल बैठक हुई। वर्चुअल बैठक में मंत्री अपने-अपने घर या कलेक्ट्रेट से इसमें शामिल हुए। शिवराज कैबिनेट की पहली वर्चुअल बैठक में कई अहम मुद्दों पर फैसला लिया गया।
वर्चुअल कैबिनेट बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान बड़े रिलेक्स मूड में नजर आए। उन्होंने बताया कि मैं पूरी तरीके से स्वस्थ हूं। लगातार काम करने का प्रयास कर रहा हूं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं अस्पताल में अपनी अपनी चाय खुद बना रहा हूं और अपने कपड़े भी खुद धो रहा हूं। कोरोना के कारण कपड़े किसी और से नहीं धुलवाने चाहिए। कोरोना स्वावलंबन सिखाता है, इससे बिल्कुल घबराने की जरूरत नहीं है। मेरे हाथ में फ्रैक्चर हुआ था। अस्पताल में कपड़े धोने से हाथ का मूवमेंट लगातार हो रहा है, जिसके कारण हाथ में भी काफी आराम मिला है।
बता दे कि वर्चुअल कैबिनेट बैठक में कई अहम् फैसले लिए गए। बैठक में चंबल एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट का नाम अब चंबल प्रोग्रेस वे करने का निर्णय लिया गया। सभी मंत्री अपने विभागों का संकल्प 15 अगस्त तक पेश करेंगे। इनके अलावा मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता ऋण योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अब नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर छोटे कारोबारियों को भी मिलेगा। इस योजना में लघु व्यवसायियों की आर्थिक मदद के लिए 10 हजार रुपए के ऋण और ब्याज पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रदेश में गरीबों का पैसा हड़पने वाली चिटफंड कंपनियों के खिलाफ सरकार जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी।
