भोपाल। लॉकडाउन के कारण अपने घरों से ही काम करने वाले कर्मचारियों के लिए मंत्रालय कर्मचारी संघ ने एक अनूठी प्रतियोगिता आयोजित की है। प्रतियोगिता को तीन अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया हैं। कर्मचारी किसी भी कैटेगरी में भाग ले सकता है। प्रतियोगिता के फैसले लिए लिए बाकायदा एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया है, जो विजेता का फैसला करेगा।
लॉकडाउन प्रतियोगिता के नाम से आयोजित की गई इस प्रतियोगिता के लिए मंत्रालय कर्मचारी संघ की ओर से सभी कर्मचारियों को संदेश भेजा गया हैं। संदेश में कहा गया है कि लॉक डाउन की अवधि को रोचक बनाने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। यह प्रतियोगिता ख़ासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए हैं, जो इन दिनों घर पर रहकर ही तरह-तरह की गतिविधियों में शामिल हैं।
प्रतियोगिता को तीन कैटेगरी में बांटा गया है। पहली कैटेगरी में कर्मचारियों को समाज या फिर प्रकृति में हुई किसी उल्लेखनीय घटना का वर्णन करके निर्णायक मंडल को भेजना है। दूसरी कैटेगरी में लॉकडाउन के दौरान की कोई बेहतरीन फोटो निर्णायक मंडल को भेजना है। वहीँ तीसरी कैटेगरी में लॉकडाउन के दौरान कोई विचार या फिर रचना दिमाग में आई हो तो उसे भी लिखकर भेजा जा सकेगा।
