शिवपुरी। शिवपुरी जिले में फैली अफवाह के कारण लोगों ने लॉकडाउन के नियमों की सरेआम धज्जियाँ उड़ा दी। बड़ी संख्या में लोग बैंक और कियोस्क सेंटरों के बाहर खाते से पैसा निकालने के लिए जमा हो गए। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंस का भी ख्याल नहीं रखा। हालांकि जिला प्रशासन और बैंक अधिकारियों की ओर से लोगों को समझाइश दी जा रही है कि वह कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेंसिंग व निर्धारित नियमों का पालन करें।
इसी बीच जिला प्रशासन द्वारा लोगों को समझाया जा रहा है कि वह एक दूसरे से दूरी बनाकर रहे और लॉक डाउन के नियमों का पालन करे। इस मामले में कई जगह लोग मान रहे हैं तो कुछ जगहों पर पुलिस को सख्ती भी दिखानी पड़ रही है। वैसे जिला प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कियोस्क संचालकों को ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं जिससे लोगों को उनके गांव में ही पैसा निकालने की सुविधा मिल सके।
दरअसल किसी ने लोगों के बीच अफवाह फैला दी है कि केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न हितग्राहियों के खाते में जो पैसा डाला गया है, वह समय रहते नहीं निकाला गया तो वापस चला जाएगा। यही कारण है कि अंबेडकर जयंती के अवकाश के बाद जैसे ही बैंक खुले उनके बाहर भारी भीड़ देखी गई। साथ ही कियोस्क सेंटरों के बाहर भी लंबी-लंबी कतारें लग गई।
कई महिलाओं ने बताया है कि वह पैसा निकालने के लिए इसलिए आए हैं कि यदि यह पैसा समय रहते हुए नहीं निकाला तो यह वापस चला जाएगा। इस अफवाह के कारण लोग बड़ी संख्या में जुट रहे हैं। वैसा जिला प्रशासन व बैंक अधिकारियों ने इस अफवाह को गलत बताया है और कहा है कि ऐसी कोई बात नहीं है। हितग्राही कभी भी अपनी आवश्यता अनुसार पैसा निकाल सकता है।
