टीकमगढ़। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के एक पदाधिकारी और उसके साथी द्वारा पीडब्लूडी विभाग के कार्यपालन यंत्री के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। यही नहीं कांग्रेस नेता ने कार्यपालन यंत्री को रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं। कार्यपालन यंत्री ने दोनों आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
मामला मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले का है। यहां के पीडब्लूडी विभाग के कार्यपालन यंत्री मनीष उदैनिया ने जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष व ठेकेदार गौरव शर्मा व अमित खरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। मनीष उदैनिया का आरोप है कि दोनों आरोपी दोपहर को 11।20 बजे उनके सिविल लाइन स्थित सरकारी आवास पर पहुंचे। आरोपियों ने मनीष उदैनिया को रिवाल्वर दिखाते हुए कुछ बिलों के भुगतान करने का दबाव बनाया। इस पर जब उन्होंने बिल पास करने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं कार्यपालन यंत्री मनीष उदैनिया इस घटना से इतने भयभीत हो गए है कि वो इस पूरे घटनाक्रम पर कुछ भी बोलने को तैयार नही है। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उदैनिया बिना बात किये ही पुलिस अभिरक्षा में अपने निवास चले गए और घर में बंद है।
