भोपाल। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान के दौरान एक ख़ास नजारा देखने को मिला। मतदान प्रकिया में भाग लेने के लिए कोरोना से संक्रमित कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट पहनकर मतदान करने के लिए पहुंचे।
दरअसल विधायक कुणाल चौधरी में कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। ऐसे में तीन राज्यसभा सीटों के लिए हो रही मतदान प्रकिया में भाग लेने के लिए वह पीपीई किट पहनकर मतदान करने के लिए पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। विधायक जब वोट डालकर वापस लौटे तो वोटिंग डालने वाले इलाके से लेकर पूरे मेन गेट को सैनिटाइज किया गया, ताकि किसी और को खतरा ना हो।
गौरतलब है कि मतदान में कुल 206 विधायक हिस्सा लेंगे। भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सौलंकी मैदान में हैं जबकि कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं। वर्तमान में दोनों पार्टियों के विधायकों की संख्या को देखते हुए दो सीटों पर भाजपा जबकि एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की जीत तय मानी जा रही है।
