ग्वालियर। आख़िरकार मप्र में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर चल रहा संस्पेंस खत्म होने वाला है। रविवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद इस बात की पुष्टि की है।
दरअसल शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिन के ग्वालियर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों ने शिवराज से मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देर को लेकर सवाल पूछा। इस पर शिवराज ने कहा कि, ‘यह मेरा काम है। अच्छा, आज ग्वालियर में कह रहा हूं, कह दूं- कल कर दूंगा।’
गौरतलब है कि 2 जुलाई को शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। इस दौरान 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी। शपथग्रहण के 9 दिन बाद भी अब तक मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा नहीं हो सका है। इस कारण कांग्रेस लगातार शिवराज सरकार पर निशाना साध रही है।
