भोपाल। कोरोना विस्फोट के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह मंत्री प्रद्धुमन सिंह तोमर सहित अन्य लोग थे। ग्वालियर में शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना नियंत्रण के कार्यों की समीक्षा की। साथ ही कोविड अस्पताल का निरीक्षण कर जरुरी निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे ग्वालियर पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के साथ बैठक करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना के सर्वे कार्य के दौरान संक्रमित होकर अपनी जान गंवाने वाली हेमलता वर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हेमलता वर्मा की बेटी प्रीति वर्मा को ₹50 लाख की सहायता प्रदान की।
मोतीमहल के मान सभागार में बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के सभी चरणों को लेकर समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को बिंदुवार तरीके से जिले की स्थिति से अवगत कराया।
