ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक पिता ने अपने बड़े बेटे के साथ मिलकर छोटे बेटे को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। घर वाले छोटे बेटे की जुए, नशे और चोरी की लत से परेशान थे। इस कारण पिता ने अपने बड़े बेटे के साथ मिलकर छोटे बेटे को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
दरअसल ग्वालियर के विक्की फैक्ट्री इलाके में रहने वाले राजेंद्र गौड़ सब्जी बेचने का काम करते हैं। वह अपने छोटे बेटे कपिल की जुए, नशे और चोरी की लत से परेशान थे। शनिवार शाम को राजेंद्र गौड़ के घर से 7600 रुपए चोरी हो गए थे। राजेंद्र गौड़ को कपिल पर रुपए चुराने का शक हुआ। कपिल रात को काफी देर से घर लौटा।
सुबह राजेंद्र गौड़ ने अपने बड़े बेटे चंदू के साथ मिलकर कपिल से रुपयों के बारे में पूछा। इसके बाद दोनों ने मिलकर कपिल को एक पेड़ से बांधा और लकड़ी से उसे पीटना शुरू कर दिया। कपिल रुपए लेने की बात से इंकार करता रहा और राजेंद्र अपने बेटे पर डंडे बरसाते रहे। करीब 45 मिनट तक मार खाने के बाद कपिल ने दम तोड़ दिया। जब राजेंद्र और चंदू को कपिल के मरने का पता चला तो उनके भी हाथ-पांव फूल गए।
कपिल की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं आरोपी पिता-पुत्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।
