नरसिंहपुर। नरसिंहपुर में एक दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने की बजाय सीधा पुलिस की शरण में पहुँच गया। दरअसल दूल्हा और उसका पूरा परिवार एक अनजान फ़ोन कॉल से परेशान हैं। एक अज्ञात व्यक्ति लगातार दूल्हे को फ़ोन करके बारात न लाने की धमकी दे रहा है। इससे घबराया दूल्हा अपने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई।
नरसिंहपुर के झामर का रहने वाले दूल्हे का नाम शिवम विश्वकर्मा है। शिवम विश्वकर्मा की शादी छिंदवाड़ा जिले के हर्रई के पास भेड़ा गांव में तय हुई हैं। लेकिन शिवम विश्वकर्मा को बारात लेकर भेड़ा गांव जाने से पहले पुलिस की शरण में जाने पर मजबूर होना पड़ा है।
दरअसल शिवम जैसे ही बारात लेकर निकलने को तैयार हुआ, उसे एक फ़ोन आया और फ़ोन करने वाले धमकी दी कि अगर तुम बारात लेकर भेड़ा गांव आओगे तो एक भी व्यक्ति जिंदा वापस नहीं लौटेगा। फ़ोन करने वाला शख्स कौन है इस बारे में किसी को जानकारी नहीं हैं।
अनजान फ़ोन कॉल से घबराया शिवम दुल्हन के घर पहुँचने से पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिवम ने बताया कि उसे दो बार अनजान नंबर से धमकी मिली है कि यदि तुम बारात लेकर गांव पहुंचे तो गांव से एक भी व्यक्ति जिंदा नहीं लौटेगा।
वहीँ दूल्हे के जीजा का कहना है कि शिवम को पिछले दो दिनों से बारात ना ले जाने की धमकी मिल रही है। अज्ञात शख्स द्वारा कहा जा रहा है कि यदि वह बारात लेकर गांव पहुंचा तो जिंदा वापस नहीं लौटेगा। इसी के चलते आज जब बारात घर से निकलने लगी तो फिर धमकी भरा फोन आया और कहा कि रास्ते में ही सभी को खत्म कर दिया जाएगा। इसीलिए डरे-सहमे सब बराती पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आकर शिकायत कर सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
दूल्हे की वेशभूषा में शिवम को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में देख हर कोई हैरान रह गया, यहां तक कि खुद नरसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक भी। जब पुलिस अधीक्षक ने शिवम से एसपी ऑफिस आने का कारण पूछा तो शिवम ने अपनी आपबीती बताई और सुरक्षा की मांग करते हुए शिकायत की। इस पुलिस अधीक्षक ने फौरन साइबर सेल को काम पर लगाते हुए धमकी देने वाले आरोपी का पता लगाने का आदेश दिया। वहीँ पुलिस ने दूल्हे को सुरक्षा व्यवस्था देने की बात करते हुए कहा कि पुलिस तुम्हारे साथ है, तुम आराम से शादी करो।
शिवम के मुताबिक उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। शादी के दिन बारात निकलते ही धमकी मिलने से वह काफी डरा हुआ और परेशान है। दूल्हे के साथ-साथ अब पुलिस को भी उस अज्ञात धमकी देने वाले की तलाश है कि आखिर कौन है जो शिवम के सात फेरों का दुश्मन बना हुआ है। आखिर ऐसी क्या वजह है कि दूल्हे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है और शादी करने से रोका जा रहा है।
