भिंड। मेहगांव में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक सैकड़ा से अधिक संक्रमित मुर्गियों को जिंदा दफ़न कर दिया। मुर्गियों में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
दरअसल कुछ दिन पहले भिंड जिले के मेहगांव कस्बे में अचानक सैकड़ों मुर्गियों की मौत हो गई। जब मामले की जांच की गई तो सामने आया कि मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। इस दौरान कई मांस विक्रेताओं ने मृत मुर्गियों को खुले में फेंक दिया। दूसरी तरफ कुछ चिकन व्यापारियों ने मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों को बेचने के लिए अपनी दुकानों में रख लिया। लेकिन दुर्गंध आने पर लोगों ने प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी।
इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से एक सैकड़ा से अधिक संक्रमित मुर्गियों को जिंदा दफ़न कर दिया। वहीँ मृत मुर्गियों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया। साथ ही लोगों को चिकन और अंडे का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।
