शिवपुरी। शिवपुरी में तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिन-दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी कट्टे की नोक पर मेडिकल स्टोर संचालक का आईफोन लेकर फरार हो गए। लूट की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल शिवपुरी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस रोड पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय सांवलदास गुप्ता के पोते मुकेश गुप्ता की मेडिकल स्टोर है। दोपहर को तीन नकाबपोश बदमाश मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। तीन बदमाशों में से एक बदमाश के हाथ में कट्टा और एक बदमाश के हाथ में डंडा था। बदमाशों ने मुकेश गुप्ता रुपयों की मांग की, लेकिन मुकेश गुप्ता ने उनसे कहा कि दुकान पर कैश नहीं है। इस पर बदमाशों ने वहां रखा आईफोन लेकर फरार हो गए। जाते-जाते एक बदमाश ने मुकेश गुप्ता को डंडा भी मारा।
तीनों बदमाशों ने बड़े ही सुनियोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों को पता था कि मेडिकल स्टोर के अंदर और बाहर सीसीटीवी लगे हैं। इसलिए बदमाश अपना चेहरा ढक कर लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। यही नहीं बदमाश जिस वाहन से आए थे, वह वाहन भी उन्होंने मेडिकल स्टोर से दूर खड़ा किया था ताकि बाहर लगे सीसीटीवी में वाहन की फोटो न आए।
यह पूरी वारदात मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में तीनों बदमाश कैद हो गए हैं। फ़िलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है। वहीँ शहर के मध्य दिन-दहाड़े हुई लूट की वारदात के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी घटनास्थल पर एकत्रित हुई और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।
