इंदौर। इंदौर में कोरोना वायरस के तेजी से सामने आ रहे मामलों को लेकर कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि इंदौर में पिछले 15 दिनों का कोरोना सैंपल का बैकलॉग क्लियर हो गया है। कल नोएडा से प्राप्त रिपोर्ट अभी तक की अधिकतम संख्या है। अब इस संख्या में निरंतर कमी आएगी और इस स्थिति में तेज़ी से सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि इंदौर में यलो कैटेगरी के विभिन्न अस्पताल और विभिन्न OPD में मरीज़ों की संख्या में तेज़ी से कमी आई है। साथ ही उन्होंने इंदौरवासियों को आश्वस्त किया है कि शहर में कोरोना के मरीज बढ़ने के बाद भी प्रशासन नवीन परिस्थितियों का सामना करने में पूरी तरह सक्षम एवं साधन संपन्न है। हमारे पास उपचार की पूरी क्षमता उपलब्ध है। नए मरीज़ पहले से ही क्वारंटाइन कर लिए गए थे और सुरक्षित तरीक़े से विभिन्न होटल और मेरिज गार्डन में बनाए सेंटर में रखे गए थे। सभी पॉज़िटिव का बेहतर ढंग से इलाज कराया जाएगा।
इंदौर कलेक्टर के अनुसार प्रशासन का स्थिति पर पूरा नियंत्रण है और सभी पॉज़िटिव का बेहतर ढंग से इलाज कराया जाएगा। ज़िले के विभिन्न चिन्हित अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड उपलब्ध हैं। अब जिला अस्पताल में आने वाले मरीज़ों की संख्या में भी कमी आई है, यह एक सकारात्मक संदेश है।
