भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वीडियो कॉलिंग के जरिए बात की। इस दौरान शिवराज ने कहा कि हम अभी लॉकडाउन हटाने के पक्ष में नहीं हैं। लोगों की जिंदगी ज्यादा महत्वपूर्ण है और उसे बचाने के लिए लॉकडाउन जरुरी है।
दरअसल शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना के हालात का जायजा लिया। साथ ही लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर भी उनकी राय पूछी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वीसी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की।
प्रधानमंत्री से बात करने के बाद शिवराज ने कहा कि, प्रधानमंत्री ने बिना भेदभाव के सभी राज्यों की मदद की। निश्चित तौर पर कठिनाइयां हैं, लेकिन इसमें धन कहीं आड़े नहीं आ रहा है। भोपाल इंदौर में अलग-अलग जोन बांटे हैं। दवा इंडस्ट्री के काम में बाधा न हो इसकी चिंता हमने की है। मरकस से आए लोगों के कारण संक्रमण बढ़ा है। इस दौरान शिवराज ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग के साथ अन्य विभागों के लोगों को धन्यवाद दिया।
वहीँ आरोग्य सेतु मोबाइल एप को लेकर शिवराज ने कहा कि यह एक अद्भुत एप है। इससे लोग अवेयर हो रहे हैं। यह कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ट्रेस करने में मदद कर रहा है। डेटा के आधार पर इससे हॉट स्पॉट को ट्रेस करने में भी मदद मिल रही है। बाहर से जो श्रमिक, मजदूर आए उनमें कोरोना का संक्रमण दिखाई नहीं दिया है। लोगों ने मास्क का उपयोग करना शुरू कर दिया है।
किसानों के मुद्दे पर शिवराज ने कहा कि सरकार किसानों को हार्वेस्टर की रोक नहीं है। अनाज खरीदी पर हम काम कर रहे हैं। उपार्जन के लिए सेंटर बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में बैंकर के साथ सरकार ने बैठक शुरू की है। पंचायतों में जाकर लोगों को पैसे मिले इस पर काम शुरु हो गया है। आपके नेतृत्व में हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हम कोरोना को जरूर परास्त करेंगे।
