भोपाल। विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर मचे सियासी बवाल पर मुख्यमंत्री कमलनाथ का बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “मैं तो विधायकों को कह रहा हूं कि फोकट का पैसा मिल रहा है ले लेना।”
दरअसल मंगलवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ से दिग्विजय सिंह के भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर सवाल पूछा गया। इस पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि, “कई विधायक ही कह रहे हैं मुझे कि हमें इतना पैसा दिया जा रहा है, मैं तो विधायकों को कह रहा हूं कि फोकट का पैसा मिल रहा है ले लेना।”
गौरतलब है कि इससे पहले दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा था कि शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्र में सहमती बन गई है। एक मुख्यमंत्री और दूसरा उपमुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहा है। दोनों कांग्रेस विधायकों को फ़ोन करके 25 करोड़ से लेकर 35 करोड़ का ऑफर दे रहे हैं।
