भोपाल। कोरोना संकट के कारण प्रदेश की जेलों में बंद महिला कैदियों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इन आवश्यक वस्तुओं में सेनेटरी पैड भी शामिल है। जेल में बंद कई महिला कैदियों को सेनेटरी पैड उपलब्ध नही हो पा रहे हैं। हालाँकि कुछ जेलों में स्थानीय स्तर पर बाजार से खरीदकर महिला कैदियों को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए गए हैं।
दरअसल प्रदेश की जेलों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए हर साल फ़रवरी महीने में टेंडर जारी होता है। मार्च माह तक टेंडर की प्रकिया पूर्ण करके जेलों में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई की जाती है। इस साल कोरोना संकट के कारण अब तक टेंडर जारी नहीं हो सके है। ऐसे में जेलों में खाद्यान्न सहित अन्य सामग्री की कमी आ गई है। बता दे कि इस समय प्रदेश की कुल 131 जेलों में 1662 महिला बंदी बंद है।
जेल में आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर जेल प्रशासन का कहना है कि सरकार से अंतरिम बजट मिल चुका है। खाद्यान्न और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था है। जून तक हम टेंडर कर सकते हैं। लॉकडाउन के कारण कुछ कठिनाईयाँ हुई है, लेकिन जेलों में फ़िलहाल व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं है।
