इंदौर। आख़िरकार लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात भूमाफिया बॉबी छाबड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को बॉबी छाबड़ा की तीन मामलों में तलाश थी। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने बॉबी छाबड़ा पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।
दरअसल पुलिस अवैध कब्जे, अवैध निर्माण सहित तीन मामलों को लेकर बॉबी छाबड़ा की तलाश कर रही थी। पुलिस प्रशासन ने बॉबी छाबड़ा पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 हजार कर दिया गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले कानूनी विवाद में उलझी आईडीए की आवासीय स्कीम-171 और मजदूर पंचायत गृह निर्माण संस्था की जमीन पर बना भूमाफिया बॉबी छाबड़ा का अवैध दफ्तर भी प्रशासन और नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया था। बावजूद इसके बॉबी ने यहां कब्जा कर कार्यालय बना लिया था। बॉबी भूखंडों की खरीदी-बिक्री करता था। उससे कुछ प्रॉपर्टी ब्रोकर जुड़े हुए थे।
