भोपाल। कोरोना वायरस के कारण मध्यप्रदेश के 25 से अधिक जिलों में अलग-अलग अवधि में लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। इस कारण सोमवार सुबह सड़कों पर कम ही लोग दिखाई दिए। पूरे प्रदेश में जनता कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा हैं। हालाँकि कुछ जगह ऐसी भी हैं, जहाँ लोगों की भीड़ देखी जा रही है।
सोमवार सुबह बाजार में ज्यादातर दुकाने बंद रही। सिर्फ पेट्रोल पंप, मेडिकल, किराना दुकान जैसी आवश्यक सेवाएं संचालित है। वहीँ प्रदेश के कई जिलों की सीमाओं पर वाहनों को रोका जा रहा है। बाहर से आने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीँ वाहनों को जिलों से बाहर भी नहीं जाने दिया जा रहा है।
राजधानी भोपाल में धारा 144 लगा दी गई है। इस दौरान दूध, दवाई, फल सब्जी सहित अति आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी। किसी भी जिले से बाहर आने-जाने की इजाज़त नहीं है। जरुरी होने पर प्रशासन और थाने से इसकी इजाजत लेनी होगी।
दूसरी तरफ रतलाम में सोमवार सुबह सब्जी मंडी पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोरोना वायरस के खतरे के बावजूद सब्जी मंडी खुलते ही यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि लोग ज्यादा मात्रा में सब्जी लेकर गए हैं।
