भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है। शिवराज सिंह चौहान के कोरोना पॉजिटिव आने से उनके सम्पर्क में आए नेताओं में हड़कम्प मच गया है। बता दे कि शिवराज सिंह चौहान देश के पहले मुख्यमंत्री है, जो कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा कि, ‘मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझे COVID19 के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाएँ।‘
इसके अलावा उन्होंने लिखा है कि, ‘COVID19 का समय पर इलाज होता है तो व्यक्ति बिल्कुल ठीक हो जाता है। मैं 25 मार्च से प्रत्येक शाम को कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक करता रहा हूँ। मैं यथासंभव अब वीडियो कांफ्रेंसिंग से कोरोना की समीक्षा करने का प्रयास करूंगा। मेरी अनुपस्थिति में अब यह बैठक गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा , नगरी विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह , स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी करेंगे। मैं स्वयं भी इलाज के दौरान प्रदेश में COVID19 नियंत्रण के हरसंभव प्रयास करता रहूंगा।‘
बता दे कि पिछले दिनों लालजी टंडन के अंतिम दर्शन करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिस प्लेन से लखनऊ गए थे, उसमें सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया भी उनके साथ थे। अरविंद भदौरिया बाद में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और महामंत्री सुहास भगत भी थे। हालाँकि इन दिनों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
