मंदसौर। मंदसौर जिले में ख़राब मौसम के कारण किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीर उभर आई है। जिले में चल रही तेज हवाओं के कारण गेंहू-अफीम सहित अन्य फसलें झुक गई है। जबकि हल्की बूंदाबांदी होने के कारण चिरा लगे डोडों से अफीम धुल गई है। ऐसे में अगर तेज बारिश होती है तो किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।
बता दे कि मौसम विभाग ने जिले में बारिश होने का खतरा जताया है। अगर बारिश होती है तो गेहूं और अफीम की फसल को नुकसान होगा। ज्यादा पानी से अफीम के डोडे भारी होकर झुक जाएंगे। इसके अलावा बारिश से कटे हुए गेंहू के दाने भी ख़राब हो जाएँगे। ऐसे में बारिश की आशंका से किसान परेशान है। जबकि कृषि वैज्ञानिक उत्तर से आ रही हवाओं को रोकने के लिए खेतों में कपड़े बांधने की सलाह दे रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्तमान में रबी की फसलें पककर पूरी तरह से तैयार है। जिले में गेंहू की कटाई अभी शुरू नहीं हुई है। वहीँ सप्ताहभर से अफीम पर चिरा लगाने का काम चल रहा हैं। ऐसे में अगर बारिश आती हैं तो चिरा लगे डोडों से अफीम धुल जाएगी।
