सीहोर। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सीहोर जिला अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर मॉक ड्रिल की गई। ताकि कोरोना वायरस से ग्रसित मरीज आने की स्थिति को कैसे संभाला जाए।
दरअसल कोरोना वायरस से निपटने के लिए पूरे देश में जरूरी तैयारियां की जा रही है। सीहोर में भी वायरस को लेकर मॉक ड्रिल की गई। इसके तहत एक फर्जी मरीज को नजदीकी स्थित घर से जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल लाने के बाद डॉक्टर ने मरीज को प्राथमिक चिकित्सा दी। इसके बाद मरीज के जरूरी सैंपल लिए।
सिविल सर्जन डॉ आनंद शर्मा खुद इस मॉक ड्रिल की देखरेख कर रहे थे। उन्होंने अस्पताल के स्टॉफ को जरुरी सुझाव भी दिए। डॉ आनंद शर्मा ने बताया कि मॉक ड्रिल का मकसद स्टॉफ को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना था। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का कहर बढ़ रहा है। ऐसे में अस्पतालों को पूरी तरह से तैयार करना बड़ा जरुरी है।
