देवास। देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ किसी ने नवजात को गोबर के ढेर में फेंक दिया। इससे नवजात की मौत हो गई। फ़िलहाल पुलिस बच्ची के माता-पिता की खोज कर रही है।
दरअसल उदयनगर थाना क्षेत्र के सेमलीखेड़ा गाँव की एक लड़की सुबह कचरा फेकने के लिए गई थी। इस दौरान उसे कचरे में नवजात का शव नजर आया। उसने तुरंत मामले की जानकारी अपने माता-पिता को दी। इसके बाद अन्य ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि नवजात का शव शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया है। नवजात की उम्र एक या दो दिन बताई जा रही है। पुलिस बच्ची के माता-पिता की खोज कर रही है।
