जबलपुर। जबलपुर में कोरोना वायरस के चार संग्धिद मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शहर के लोग सतर्क हो गए हैं। शहर में मेडिकल दुकानों पर मास्क और सैनेटाइजर खरीदने वालो की संख्या अचानक बढ़ गई हैं। लोगों ने घरो से निकलना कम कर दिया है। दूसरी तरफ कोरोना वायरस के दस्तक के बाद पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
प्रशासन कोरोना वायरस से ग्रसित चारों लोगों के सम्पर्क में आने वाले लोगों के खोजबीन में जुट गया है। बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस से पीड़ित आभूषण कारोबारी के प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की संख्या करीब डेढ़ सौ है। इसके अलावा घर में कई सदस्य एक साथ रहते हैं। दुकान पर रोजाना सैकड़ो ग्राहकों का आना-जाना है। उन्होंने ट्रेन के जिस डिब्बे में यात्रा की थी, उन्हें भी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीँ आभूषण कारोबारी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद सराफा व्यापारियों भी डर का माहौल है। खबर मिलने के बाद सराफा एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें तात्कालिक रूप से शनिवार से लेकर मंगलवार तक सराफा बाजार पूर्णत: बंद रखने पर सहमती बनी।
गौरतलब है कि जबलपुर में कोरोना वायरस के चार संग्धिद मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमे से तीन एक ही परिवार के सदस्य है। चारो लोग जर्मनी और दुबई से लौटे हैं। फ़िलहाल पीड़ितों को सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल ये लोग संक्रमण के पहले स्टेज पर हैं।
