इंदौर। पितृ पर्वत पर अष्टधातु से बनी देश की सबसे ऊँची भगवान हनुमान की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू हो गया है। रविवार रात को भगवान हनुमान की प्रतिमा पर लेजर लाइट का ट्रायल किया गया। यह लेजर लाइट ख़ास जर्मनी से मंगवाई गई है। लाइट से प्रतिमा के सीने पर हनुमान चालीसा का सात रंगों में वर्णन नजर आएगा। इस दौरान हनुमान चालीसा भी सुनाई देगी।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय निर्देशित कर रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत सोमवार दोपहर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह आयोजन किसी मिनी कुंभ की तरह होगा। इसमें हरिद्वार, नासिक, प्रयागराज, चित्रकुट, अयोध्या सहित देशभर के विभिन्न स्थानों से संत महात्मा शामिल होंगे।
बता दे कि भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा 108 टन वजनी है। 66 फीट ऊंची मूर्ति को 125 कारीगरों ने सात साल में 264 हिस्सों में बनाया है। इन हिस्सों को जोड़ने में करीब दो साल का समय लगा। भगवान के गदा की लंबाई 45 फीट है।
