भोपाल। मध्य प्रदेश के आगर से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल के निधन के बाद एक बार फिर से विधानसभा भवन के वास्तु दोष का मामला गर्मा गया है। विधान सभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने भी ऊंटवाल के निधन पर शोक ज़ाहिर करते हुए विधानसभा के वास्तु दोष को लेकर शंका ज़ाहिर की।
जबलपुर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने ऊंटवाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा में वास्तु दोष चिंता का विषय है। हम इस मामले को देखेंगे और वास्तु दोष को लेकर पूरी जानकारी लेंगे। गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी 17 जनवरी को विधानसभा में भवन के वास्तु दोष को लेकर सवाल उठाया था।
बता दे कि प्रदेश में पिछले 22 सालों में 33 विधायकों की मौत हो चुकी हैं। ग्यारहवी विधानसभा कार्यकाल के दौरान सबसे अधिक 10 विधायकों की मृत्यु हुई। इसके अलावा चौहदवी विधानसभा (2013-2018) के कार्यकाल के दौरान 9 विधायकों की मौत हुई। मौजूदा महीने में भी दो विधायकों की मौत हो चुकी है। पहले जौरा से विधायक बनवारी लाल शर्मा की मौत हुई और अब आगर से विधायक मनोहर ऊंटवाल की मृत्यु हुई। बीते 5 सालों में अब तक करीब 6 विधायकों का निधन हो चुका है।
