उज्जैन। उज्जैन में कोरोना वायरस की आशंका को लेकर अस्पताल में भर्ती किए गए माँ-बेटे की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। माँ-बेटे को बीमारी के बाद उज्जैन के माधव नगर अस्पताल में भर्ती किया गया था। माँ-बेटे के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही थी। जिसके बाद दोनों के ब्लड सैंपल पुणे स्थित लैब में भेजे गए थे। अब वहां रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सीएमएचओ महावीर खंडेलवाल ने इसकी पुष्टि की है।
बता दे कि बेटा चीन में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। वह 13 जनवरी को भारत लौटा था। जिसके बाद उसकी सर्दी, खांसी और बुखार कम नहीं हो रहा था। कोरोना वायरस की आशंका के चलते बेटे और माँ को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस की वजह से चीन में अब तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 300 नए मामले सामने आए हैं। चीन से निकलकर कोरोना वायरस दूसरे देश में पांव पसार रहा है। कोरोना वायरस को लेकर भारत सहित अमेरिका, हांगकांग, मकाऊ, ताईवान, श्रीलंका अन्य देशों की सरकारें सतर्क हो गई है।
