भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को आजाद कश्मीर लिखने पर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। भाजपा ने इसे लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है और माफ़ी की मांग की है।
इस मामले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने ट्विटर पर लिखा कि, “एक बार फिर कांग्रेस ने अपनी देश विरोधी मानसिकता को दिखाया है। मध्यप्रदेश में दसवी की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में पकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को आज़ाद कश्मीर का नाम दिया। शर्म आनी चाहिये कमलनाथ सरकार को, प्रदेश और देश की जनता से माँफी माँगे।”
वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है कि, “कांग्रेस पार्टी के नेता यदि आपस में निपटने से फुरसत हो गए हों तो ज़रा मध्यप्रदेश पर भी ध्यान दे लें! पिछले एक साल में लापरवाही के एक से एक नमूने पेश किये जा रहे हैं! मेरी मांग है कि इसके पीछे ज़िम्मेदार लोगों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाये!”
बता दे कि मध्यप्रदेश में दसवीं बोर्ड के सामाजिक विज्ञान परीक्षा के पेपर में आजाद कश्मीर को लेकर 2 सवाल पूछे गए। प्रश्न नंबर 4 में सही जोड़ी में मिलाने को लेकर आजाद कश्मीर का विकल्प दिया गया, वही प्रश्न नंबर 26 में भारत के मानचित्र में आजाद कश्मीर दर्शाने के लिए कहा गया है। इस प्रश्न के सामने आने के बाद बवाल शुरू हो गया। लोग मामले की जाँच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
