भोपाल। शुक्रवार को मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के सात नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें तीन मामले इंदौर और दो मामले जबलपुर से सामने आए हैं जबकि भोपाल-उज्जैन से एक-एक मामला सामने आया है। इसी के साथ मध्यप्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 32 हो गई हैं, जिनमें से दो लोगों की मौत इंदौर में हो गई हैं।
इंदौर में लगातार चौथे दिन कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। तीन दिनों में 15 मामले सामने आने के बाद चौथे दिन शुक्रवार को तीन नए मामले सामने आए, वहीँ एक मामला उज्जैन से सामने आया है। चारों पॉजिटिव मरीज पुरुष हैं। इंदौर के कांकड़ निवासी 60 वर्षीय पुरुष का एमवाय अस्पताल, कोयला बाखल निवासी 42 वर्षीय मरीज का एमआरटीबी अस्पताल, गुमाश्ता नगर निवासी 23 वर्षीय मरीज का अरिहंत अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि उज्जैन के जनसापुरा निवासी 23 वर्षीय मरीज को उज्जैन के ही माधव नगर अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह एक ही परिवार का तीसरा संक्रमित मरीज है। इस परिवार की 65 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस के कारण इंदौर में मौत हो चुकी हैं।
दूसरी तरफ जबलपुर में दो और लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह दोनों मरीज पहले से संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं। इसी के साथ जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
