भोपाल। मंगलवार को हुए मंत्रिमंडल के गठन के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। नरोत्तम मिश्रा को गृह और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई हैं, जबकि तुलसी सिलावट को जल संसाधन, कमल पटेल को कृषि विभाग, मीना सिंह को आदिम जाति कल्याण विभाग और गोविंद सिंह राजपूत को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल को भेजे मंत्रियों के विभागों का कार्यभार सौंपने के प्रस्ताव को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा है कि, ‘मंत्रिमंडल के सभी साथियों को अपने-अपने विभागों का पदभार ग्रहण करने पर मेरी शुभकामनाएं। हम सब मिलकर मध्यप्रदेश की सेवा करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र के नए भारत के विज़न को प्रदेश में साकार करेंगे।‘
गौरतलब है कि बुधवार को पांच मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल के स्वरूप को छोटा रखने पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और भाजपा पर निशाना साधा। जिसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, ‘कांग्रेस का काम केवल कमियां निकालना है और हमें सिर्फ काम करना है। अभी कह रहे हैं कि मंत्रिमंडल छोटा है, बड़ा हो जायेगा, तो उसमें कोई और कमी निकाल देंगे। अभी कोरोना वायरस के संकट से प्रदेश को उबारने पर हमारा फोकस है।‘
आगे उन्होंने कहा कि, ‘कोरोना वायरस के संकट को देखते हुए हमने मंत्रिमंडल को छोटा रखने का फैसला किया है। यह छोटा, लेकिन संतुलित है। इसमें सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को स्थान देने की कोशिश की है। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद सबसे व्यापक विचार-विमर्श कर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जायेगा।‘
