इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर सोना की तस्करी का पर्दाफाश किया गया है। आरोपी दुबई से एक हथौड़ी के अंदर सोना छिपाकर लाया था। अधिकारियों को हथौड़ी देख शक हुआ तो मामले की जाँच की और आरोपी के पास से 700 ग्राम सोना बरामद किया।
बता दे कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और दुबई में मजदूरी करता है। मंगलवार रात एयरपोर्ट पर जब यात्री उतरा तो उसका हुलिया मजदूर जैसे लग रहा था। अधिकारियों ने जब उसके बैग में हथौड़ी तो उन्हें शक हुआ कि यह दुबई से लोहे की सामान्य हथौड़ी क्यों लेकर आया। हथौड़ी की स्कैनिंग के दौरान हथौड़ी के मुख्य भाग और अंदरूनी भाग की धातु में असमानता नजर आई।
इसके बाद अधिकारियों ने आरी से हथौड़ी को काटने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हथौड़ी को लैथ मशीन से काटा गया। आरोपी हथौड़ी के अंदर 700 ग्राम सोने के दो बिस्किट छुपाकर लाया था। इस सोने की कीमत करीब 30 लाख रुपए है। पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े तस्कर गिरोह का सदस्य हो सकता है।
