शिवपुरी। शिवपुरी में इस बार गणतंत्र दिवस की परेड बहुत ही ख़ास होने वाली है। इस बार परेड में पुलिस, एसएएफ पुलिस, होमगार्ड के साथ सरकारी स्कूलों के बच्चे भी शामिल होंगे। यह वह बच्चे हैं, जिनका चयन पुलिस द्वारा चलाई जा रही स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के तहत किया गया है। स्टूडेंट परेड के दौरान मुख्य अतिथि को सलामी देंगे। बता दे कि यह पहला अवसर होगा जब स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के यह छात्र परेड में शामिल होंगे।
गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने वाली टुकड़ी में 25 स्टूडेंट होंगे। इसमें एक परेड कमांडर होगा। परेड में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स को ट्रैक शूट, टीशर्ट, कैप भी मुहैया कराई गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नैतिक मूल्यों का समावेश कर उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, संस्कारिक और चरित्रवान नागरिक बनाना है। गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने से छात्र-छात्राओं में प्रतिबद्धता की भावना जागेगी और वह अनुशासित होंगे।
सूबेदार गायत्री इटोरिया ने बताया कि 26 जनवरी की परेड में शामिल होने को लेकर बच्चे बहुत उत्साहित हैं। वहीँ बालिका मुस्कान ने बताया कि वह इस परेड में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
बता दे कि शिवपुरी में केंद्रीय गृह मंत्रालय और मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों को पुलिसिंग कार्रवाई के अलावा उनमे नैतिक मूल्यों का समावेश कर उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित, संस्कारिक और चरित्रवान नागरिक बनाना मुख्य उद्देश्य है। इस कार्यक्रम को संचालित करने वाले एनजीओ डोनेट आ स्माईल फाउंडेशन के प्रबल अग्रवाल का कहना है कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को बताने भी इस कार्यक्रम का एक उद्देश्य है।
