होशंगाबाद। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से लगे मटकुली क्षेत्र में एक बाघ ने महिला पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने मटकुली में वन विभाग के इको सेंटर हमला कर दिया। लोगों ने वहां तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इसके बाद लोगों ने मटकुली तिराहे पर जाम लगा दिया।
दरअसल शुक्रवार सुबह पिपरिया के मेहंदी खेड़ा गांव में जंगल से आए एक बाघ ने खेत में काम कर रही कुसमरिया बाई पर हमला कर दिया। बाघ ने महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया। महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के इको सेंटर में जमकर उत्पाद मचाया। साथ ही सेंटर के एक हिस्से में आग भी लगा दी।
ग्रामीणों का कहना है कि कई गांवों को विस्थापित कर दिया है। इसके बाद भी शेर हमारे घरों तक आ रहे हैं। बता दे कि इलाके में बाघ के लगातार मूवमेंट से गांव वाले घबराए हुए हैं। गुरुवार को भी बाघ ने दो गायों का शिकार किया था।
