भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के 247 नए मामले सामने आए हैं। वहीँ पांच लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हुई है, जिससे प्रदेश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 201 हो गया है।
बता दे कि बुधवार को सबसे ज्यादा मामले इंदौर से सामने आए हैं। यहाँ 131 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इससे इंदौर में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 2238 हो गई है, वहीँ अब तक 96 लोगों की कोरोना वायरस के कारण जान गई है। बुधवार को कुल 1422 सैंपल की जाँच की गई, जिसमें 131 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव और 1291 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
वहीँ राजधानी भोपाल में भी 42 नए मरीज मिलने से हड़कम्प मच गया है। इनमें से 21 पॉजिटिव भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र से ही सामने आए है। बुधवार को मेंडोरा गाँव निवासी 15 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। उज्जैन में पांच नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें दो मामले उज्जैन और तीन मामले बड़नगर में सामने आए है।
इनके अलावा बुरहानपुर में 35, जबलपुर और नीमच में 6-6, रीवा में 4, खरगोन, धार, रतलाम और देवास में 3-3 नए मामलों के पुष्टि हुई है। विदिशा में एक व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
