भोपाल। ट्रैफिक पुलिस को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटते तो अक्सर हम सब ने देखा है। लेकिन राजधानी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। यहाँ पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों से 100 शब्दों का निबंध लिखवाया।
दरअसल मध्य प्रदेश पुलिस इन दिनों सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रही है। इसी के तहत भोपाल में ट्रैफिक पुलिस ने सीट बेल्ट न लगाने वालों और हेलमेट न पहनने वालों को रोका और 100 शब्दों का निबंध लिखवाया कि उन्होंने हेलमेट क्यों नहीं पहना या सीट बेल्ट क्यों नहीं लगाया। इसके लिए पुलिस ने उन्हें एक टेंट में बैठाकर टेबल, कुर्सी, कागज और पेन दिया गया।
इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों ने 100 शब्दों में लिखकर बताया कि उन्होंने हेलमेट क्यों नहीं पहना या सीट बेल्ट क्यों नहीं लगाया। हैरान करने वाली बात यह है कि कई लड़कियों ने लिखा कि पुलिस लड़कियों का चालान नहीं काटती, इसलिए हेलमेट नहीं पहनते है। बता दे कि आने वाले दिनों में ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों द्वारा लिखे गए निबंधों में से पहला, दूसरा और तीसरा चुनकर उन्हें पुरस्कार स्वरूप हेलमेट देगी।
