आगर-मालवा। हम सभी ने काले कौए की कांव-कांव तो कई बार सुनी है। लेकिन क्या आपने कभी सफेद कौआ देखा है? प्रदेश में ज्यादातर लोगों ने सफेद कौए को देखना तो दूर उसके बारे में सुना भी नहीं होगा। लेकिन आगर-मालवा में इन दिनों दुर्लभ सफेद कौआ चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहाँ लोग सफेद कौए को देख आश्चर्य कर रहे हैं।
दरअसल आगर-मालवा में सफेद कौवा रोज सुबह-सुबह आता है और दाना चुगकर चला जाता है। यह कौवा कहां से आ रहा है यह किसी को पता नहीं। प्रतिदिन कौऔ और पक्षियों को दाना डालने वाले लोगों ने जैसे ही वहां सफ़ेद कौए को दाना चुगते हुए तो देखा तो वह हैरान रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने इससे पहले सफेद कौए को देखना तो दूर उसके बारे में सुना भी नहीं था। उन्हें पता ही नहीं था कि सफेद कलर का कौवा भी होता है। ऐसे में जैसे ही उनकी नजर सफेद कौए पर पड़ी वह चौंक गए।
यह कौआ रोजाना सुबह आकर कुछ देर दाना चुगता है। अठखेलियां करता है। अपने चिर परिचित काले कौऔ के साथ घूमता-फिरता है और फिर चला जाता है। आगर-मालवा में सफेद कौए का होना एक अचरज भरी बात है क्योंकि यहाँ के लोगों ने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें सफेद कौए का दीदार होगा।
सफेद कौए को लेकर जब वन विभाग के अधिकारी से बात की गई तो वह भी हैरान रह गए। उन्होंने भी कभी सफेद कौए के बारे में नहीं सुना था। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कभी विभाग में ऐसा सुना नहीं और देखा भी नहीं। हालाँकि उनका मानना है कि कुछ जींस की समस्या होने के कारण कौवा सफेद हो सकता है। मगर फिर भी उनके लिए भी यह आश्चर्यचकित कर देने वाली ही बात है।
