अलीराजपुर। सड़क और पानी को लेकर प्रशासन की चौखट पर बार-बार दस्तक देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में आदिवासियों ने खुद ही सामूहिक प्रयास कर पहाड़ को चीर कर रास्ता बना दिया।
दरअसल अलीराजपुर जिले के ग्राम पंचायत शकरजा के अंजनवाड़ा में रहने वाले आदिवासियों ने सामूहिक प्रयास की अद्भुत मिसाल पेश की है। जिले के सबसे दुर्गम पहाड़ी इलाके में रहने वाले आदिवासी सड़क की समस्या से परेशान थे। इसको लेकर आदिवासियों ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई लेकिन इनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में आदिवासियों ने खुद ही अपनी समस्या को दूर करने का निर्णय लिया। आदिवासियों ने स्वयं खर्च और श्रमदान कर लगभग सात किलोमीटर पहाड़ को चीर कर रास्ता बना दिया। यह जिले का अपने आप में पहला मामला है।
