छतरपुर। बुंदेलखंड में पानी को लेकर दो किसानों के बीच हुए विवाद ने एक किसान की जान ले ली। पानी को लेकर हुए विवाद के बाद एक किसान और उसके दोनों पुत्रों ने दूसरे किसान पर लाठियों से हमला कर दिया। इससे किसान बुरी तरह घायल हो गया और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी किसान और उसके दोनों पुत्र फरार है।
लगता है बुंदेलखंड में पानी खून से भी महंगा है। यहाँ पानी के विवाद पर हर वर्ष कई जानें जातीं हैं। ऐसा मामला एक बार फिर सामने आया है। दरअसल छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम मझगुवां निवासी किसान मोहन पटेल ने पूर्व में किसान विशाली मिश्रा से 4 एकड़ खेती की ज़मीन खरीदी थी। इस दौरान यहाँ बने कुएँ का भी दोनों के बीच बंटवारा हुआ था। दोनों के बीच तय हुआ था कि एक दिन मोहन कुएँ के पानी से अपने खेत में सिंचाई करेगा जबकि दूसरे दिन विसाली अपने खेत में सिंचाई करेगा।
बीते दिनों किसान विशाली ने मोहन से अपनी बारी में सिंचाई करने के लिये कुएँ से पानी लेने के लिए बोला लेकिन मोहन बिना अपनी बारी के कुएँ से पानी लेने लगा। इससे दोनों किसानों के बीच विवाद हो गया। इस पर विशाली मिश्रा और उसके दो बेटों हरिराम, अनाड़ी मिश्रा ने मोहन की लाठियों से पिटाई कर दी, जिससे मोहन बुरी तरह घायल हो गया।
मोहन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहाँ से उसे ग्वालियर मेडिकल रेफर किया गया जहाँ देर रात ईलाज के दौरान मोहन की मौत हो है। घटना के बाद से ही आरोपी किसान और दोनों पुत्र फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
