इंदौर। इंदौर के एमवाय अस्पताल में कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया है। दोनों मरीजों को सर्दी-जुकाम के साथ ही सांस लेने में तकलीफ है। एक मरीज खरगोन का रहने वाला है जबकि दूसरी इंदौर की रहने वाली है। एहतियात के तौर पर दोनों को एमवाय अस्पताल में चेस्ट डिपार्टमेंट में भर्ती किया गया है। मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं। आज शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ़ हो पाएगा कि यह कोरोना वायरस से ग्रसित है या नहीं।
बता दे कि खरगोन का रहने वाला लड़का चीन के निंग चेन और इंदौर की लड़की चीन के वोहान में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। दोनों हाल ही में चीन से भारत लौटे हैं। इस मामले को लेकर इंदौर संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी का कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। महात्मा गाँधी मेडिकल कालेज के एमवाय अस्पताल में जिन दो मरीज़ों को भर्ती कराया गया है, उनकी हालत ठीक है। उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
वहीँ एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर ने बताया कि कोरोना वायरस की जांच पुणे स्थित लैब में ही होगी। मरीजों के सैंपल पुणे भेजे गए हैं। एहतियात के तौर पर किसी को मरीजों के पास जाने नहीं दिया जा रहा है। मरीजों के सम्पर्क में आए लोगों की भी जाँच होगी।
