उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में लॉकडाउन हटने के बाद भी कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। जून की शुरुआत से ही उज्जैन में संक्रमण के मामलों में कमी आने लगी थी, जो अब तक जारी है। मंगलवार और बुधवार को तो उज्जैन में संक्रमण के सिर्फ एक-एक मामले सामने आए हैं।
बता दे कि उज्जैन में अब तक कोरोना संक्रमण के 850 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 724 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 69 लोगों की मौत हो चुकी है। फ़िलहाल 57 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इस दौरान कुल 15738 सैंपल की जाँच हुई है।
उज्जैन में पिछले एक सप्ताह में 3116 सैंपल की जाँच की गई हैं, जिनमें से महज 24 सैंपल की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई है। यानी पिछले सात दिनों में पॉजिटिव रेट महज 0.77 फीसदी रहा।
दूसरी तरफ जिले में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रहा हैं, वहीं डेथ रेट में कमी आई है। मई महीने में उज्जैन में महामारी के कारण मृत्यु दर 22 फीसदी के पार चली गई थी। यह देश के अन्य शहरों से काफी ज्यादा थी। हालांकि अब जिले में डेथ रेट कम होकर 8.11 पर आ गई है।
इस समय उज्जैन में एक्टिव मरीजों की संख्या 57 है, जिनमें से 41 मरीजों में कोई लक्षण नहीं है। स्वास्थ्य अमले का कहना है कि यह सभी मरीज जल्द ही ठीक होकर अपने घर लौट जाएंगे। बाकि 16 मरीजों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बुधवार को भी उज्जैन में 14 मरीज ठीक होने के बाद लौट गए।
