इंदौर। मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के कारण एक और थाना प्रभारी की मौत हो गई है। मंगलवार सुबह कोरोना संक्रमित उज्जैन के नीलगंगा थाना टीआई यशवंत पाल ने इंदौर के अस्पताल में दम तोड़ दिया है। पिछले तीन दिनों में कोरोना से मध्यप्रदेश में दूसरे थाना प्रभारी की मौत हुई है। इससे पहले जूनी इंदौर के थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार चंद्रवंशी की भी कोरोना के चलते मौत हुई थी।
बताया जा रहा है कि यशवंत पाल कंटेंटमेंट एरिया के आसपास की व्यवस्था खुद देख रहे थे। इस दौरान वह संक्रमित हो गए और उनकी हालत बिगड़ गई। 6 अप्रैल को उन्हें इंदौर के सीएचएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तबियत में सुधार नहीं होने के कारण अरविंदो अस्पताल में रैफर किया गया था। मंगलवार सुबह यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली।
59 वर्षीय यशवंत पाल 1983 बैच के निरीक्षक थे। वह मूल रूप से बुरहानपुर के निवासी थे, लेकिन बाद में अपने परिवार के साथ इंदौर में रहने लगे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। पत्नी मीना पाल तहसीलदार हैं। यशवंत पाल में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद उनके परिवार को भी क्वारंटाइन किया गया था।
