एक्सपोज़ टुडे, विदिशा। रविवार को मध्य प्रदेश के विदिशा में किसानों ने अनूठे ढंग से प्रदर्शन कर किया और मुआवजे की मांग की। विदिशा जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर स्थित गांव जाफरखेड़ी में किसानों ने अपने हाथों में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तस्वीर ले कर प्रदर्शन किया। सुशांत की तस्वीर के साथ ही तख्ती पर अपनी मांगों का भी उल्लेख कर रखा था।
दरअसल मध्य प्रदेश में इस बार भारी बारिश हुई है। एक दर्जन जिले बाढ़ की चपेट में हैं। फसलों का काफी नुकसान हुआ है। प्रदेश के किसानों द्वारा फसलों के नुकसान पर मुआवजे की मांग भी उठने लगी है। किसानों के हाथों में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तस्वीर लेने के पीछे किसानों का तर्क यह था कि मीडिया जिस तरह से सुशांत सिंह राजपूत के परिवार को न्याय दिलाने के लिए खबरें चला रहा है। वैसे ही मीडिया को किसानों की भी समस्याएं उठानी चाहिए। क्योंकि प्रदेश सरकार न किसानों की सुन रही है न किसानों पर ध्यान दे रही है।
किसानों के इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह राठौड़ ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण क्षेत्र में फसलें नष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा, ‘किसानों ने साइट पर सुशांत सिंह राजपूत के चित्रों के साथ विरोध प्रदर्शन किया और दिवंगत अभिनेता को भी श्रद्धांजलि दी।
