शहडोल। कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे की मौत के बाद पुलिस ने उनके साले ज्ञानेंद्र निगम उर्फ राजू खुल्लर और उसके बेटे आदर्श को रिहा कर दिया है। यूपी एसटीएफ की टीम शनिवार को ज्ञानेंद्र निगम और उनके बेटे को शहडोल जिले के बुढ़ार में उनके घर छोड़ने आई थी।
गौरतलब है कि कानपुर में हुए शूटआउट में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद विकास दुबे फरार हो गया था। इसके बाद यूपी एसटीएफ ने ज्ञानेंद्र निगम और उनके बेटे आदर्श को बुढ़ार स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। हालांकि शनिवार को यूपी एसटीएफ दोनों को उनके घर छोड़कर चली गई है।
विकास दुबे के साले ज्ञानेंद्र निगम का कहना है कि विकास ने निर्दोष पुलिसकर्मियों की हत्या की है। उसे अंजाम भुगतना पड़ा। मेरे साथ पुलिस ने किसी तरह का गलत बर्ताव नहीं किया। मुझे अच्छे से रखा गया। मध्यप्रदेश पुलिस हो या शहडोल पुलिस, दोनों ने मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया।
